बर्नपुर(भरत पासवान) । आसनसोल दक्षिण भाजपा 2 नंबर मंडल की ओर से हिन्दू पर आक्रमण और एसएससी घोटाले के विरुद्ध बारी मैदान समक्ष से प्रतिवाद जुलूस गुरुवार को निकाला गया। इस दौरान प्रतिवाद जुलूस में मुर्शीदाबाद में उपद्रवियों द्वारा मारे गए हिन्दू समुदाय के व्यक्ति का सांकेतिक शव को लेकर जुलूस बर्नपुर बारी मैदान से निकली जो स्टेशन रोड, त्रिवेणी मोड़, हीरापुर थाना होते हुए वापस बारी मैदान में ही समाप्त हुई। इस दौरान विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि मुर्शीदाबाद में एक पक्ष जिहादी द्वारा चुन चुन कर हिन्दू परिवारों पर आक्रमण किया गया। सुनिश्चित रूप से हिन्दू के घरों को आग से जलाया गया। महिलाओं पर अत्याचार किया गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पुलिस चुपचाप खड़े होकर तमाशा देख रही थी। उन्होंने कहा कि वहां के लोगों के लिए एक मात्र सहारा बीएसएफ जवान ही थे। उन्होंने कहा कि ममता सरकार इस राज्य में आतंकवादी को पनाह देने का कार्य कर रही है। हमारे 2 हिन्दू भाई की नृशंस रूप से हत्या कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हमलोग इसमें एनआईए की जांच की मांग कर रहे है। साथ ही उन्होंने एसएससी घोटाले में भी तृणमूल सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि एसएससी घोटाला करने वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार के कारण ही 26 हजार से अधिक शिक्षकों की नौकरी गवानी पड़ी। उन्होंने कहा की यह चोर सरकार कभी किसी का भला नही कर सकती। वहीं प्रतिवाद जुलूस में शामिल भाजपा प्रदेश नेता पवन कुमार सिंह ने भी तृणमूल सरकार पर तुष्टिकरण करने का आरोप लगाया। इस दौरान प्रतिवाद जुलूस में भाजपा प्रदेश सदस्य पवन कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष रामानंद शाह, बृजेश, मोमेंद्र साव सहित दर्जनों भाजपा कर्मी, समर्थक शामिल हुए।