कोलकाता चोरबागान भगदड़ केस में बड़ी कार्रवाई: पूजा समिति के सचिव-उपाध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार, 14 हिरासत में
शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।
उत्तर कोलकाता के चोरबागान सर्वजनिन दुर्गोत्सव पंडाल में भगदड़ से 19 मौतों के मामले में कोलकाता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 14 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए गिरीश पार्क थाने में केस नंबर 147 दर्ज किया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 110 और 3(5) के तहत गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है।
कौन-कौन गिरफ्तार?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में आयोजन से जुड़े सभी प्रमुख लोग शामिल हैं:
1. राज कुमार सेवड़ा उर्फ राजा (48) – पूजा समिति के सचिव
2. शांतनु दुबे (55) – पूजा समिति के उपाध्यक्ष
3. बिप्लब मुखर्जी उर्फ जॉय (48) – बांस के पंडाल का स्ट्रक्चर बनाने वाला
4. कौशिक साहा (53) – भीड़ नियंत्रण और VIP पास चेकिंग का प्रभारी
5. पिंटू डे (51) – भीड़ प्रबंधन में तैनात
6. सुमन चक्रवर्ती (30) – निजी सुरक्षा एजेंसी का कर्मी
7. राजेश पाल (29) – निजी सुरक्षा एजेंसी का कर्मी
क्या है जांच का फोकस?
पुलिस अब तीन एंगल से जांच कर रही है:
– पंडाल में आने-जाने के रास्ते क्या तय मानकों के अनुसार थे?
– भीड़ प्रबंधन के लिए कितने सुरक्षा कर्मी लगाए गए थे और उनकी भूमिका क्या थी?
– लाउडस्पीकर पर की गई घोषणा और गार्डों द्वारा सीटी बजाने से भगदड़ कैसे मची?
पुलिस आयुक्त ने कहा है कि पंडाल का CCTV फुटेज, फोरेंसिक रिपोर्ट और STF की जांच के बाद लापरवाही तय होगी। चोरबागान की इस घटना ने दुर्गा पूजा जैसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
















