श्री सनातन बाजार व्यापार उत्थान समिति ने दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा में श्रद्धालुओं को पिलाया शरबत, सेवा भाव से जीता दिल
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
श्री सनातन बाजार व्यापार उत्थान समिति, आसनसोल द्वारा सेवा और भाईचारे की एक शानदार मिसाल पेश की गई। समिति ने एन.एस. रोड स्थित सिंघानिया भवन के बाहर सेवा शिविर लगाया।
यह सेवा शिविर श्री महावीर स्थान दुर्गा पूजा समिति की भव्य माँ दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा के अवसर पर लगाया गया था।
शिविर के माध्यम से शोभायात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं और शोभायात्रियों को बादाम शरबत, जलजीरा और नींबू पानी वितरित कर उनकी प्यास बुझाई गई। कड़ी धूप में शीतल पेय पाकर श्रद्धालुओं ने समिति के इस प्रयास की सराहना की।
बताया गया कि इस वर्ष श्री महावीर स्थान दुर्गा पूजा समिति अपना शताब्दी वर्ष मना रही है। इस अवसर पर निकाली गई विशाल विसर्जन शोभायात्रा बेहद भव्य और आकर्षक रही। श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखते ही बन रही थी।
इस दौरान श्री सनातन बाजार व्यापार उत्थान समिति के सदस्यों ने पूरे उत्साह, समर्पण और सेवा-भाव के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई और अधिक से अधिक लोगों तक शीतल पेय पहुँचाने का प्रयास किया।
समिति ने कहा कि संगठन की पहचान केवल व्यापारिक हितों की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी उसका मुख्य उद्देश्य है। माँ दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा में सेवा का अवसर मिलना समिति के लिए सौभाग्य और गर्व का विषय है।
अंत में समिति ने श्री महावीर स्थान दुर्गा पूजा समिति को शताब्दी वर्ष के भव्य आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी और भविष्य में भी आपसी सहयोग और सामाजिक एकता बनाए रखने की कामना की।
