Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

पांडवेश्वर के जामबाद में फिर भू-धंसान से दहशत: विधायक जितेंद्र तिवारी ने मौके पर पहुंचा लिया जायजा, ECL को दी चेतावनी

शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
कोयलांचल में भू-धंसान का खतरा एक बार फिर सामने आया है। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के जामबाद इलाके में भू-धंसान की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई।

खबर मिलते ही पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी तुरंत एक्शन में आए और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए खुद घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

ECL को लगाई फटकार, तत्काल कार्रवाई की मांग

मौके पर पहुंचकर विधायक ने धंसी हुई जमीन का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने तुरंत ECL प्रबंधन के अधिकारियों से फोन पर बात कर इस मामले में तत्काल कदम उठाने को कहा।

विधायक जितेंद्र तिवारी ने साफ शब्दों में कहा, “स्थानीय लोगों की जान-माल की सुरक्षा से बड़ा कुछ नहीं है। यह ECL की पहली जिम्मेदारी है। जनसुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने मांग की कि ECL प्रबंधन सिर्फ खानापूर्ति न करे, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी और ठोस योजना पर काम करे। प्रभावित इलाके को सुरक्षित करने के लिए तुरंत भराव और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं।

इस घटना के बाद एक बार फिर कोयलांचल में खदान क्षेत्रों के पास रहने वाले लोगों की सुरक्षा का मुद्दा गरमा गया है।

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *