दुर्गापुर के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी: SAIL के Alloy Steels Plant (ASP) में होगा ₹1714 करोड़ का निवेश, रोजगार की खुलेगी राह
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
दुर्गापुर वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) और दुर्गापुर थर्मल पावर स्टेशन (DTPS) के विस्तार के बाद अब SAIL के एक और बड़े प्लांट Alloy Steels Plant (ASP) में बड़े निवेश का रास्ता साफ हो गया है।
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के बोर्ड ने ASP के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए बंपर बजट को मंजूरी दे दी है।
₹1714 करोड़ से ज्यादा का होगा निवेश
जानकारी के अनुसार, SAIL बोर्ड ने दो चरणों में इस निवेश को हरी झंडी दी है:
1. प्लांट के मुख्य विस्तार के लिए – ₹1,601.94 करोड़
2. लिंक पैकेज और अन्य संबंधित कार्यों के लिए – ₹112.13 करोड़
यानी कुल मिलाकर ₹1,714.07 करोड़ से अधिक का निवेश ASP में किया जाएगा। यह दुर्गापुर के औद्योगिक इतिहास में सबसे बड़े निवेशों में से एक माना जा रहा है।
क्या होगा फायदा?
ASP के विस्तार की मांग लंबे समय से हो रही थी। इस निवेश के बाद कई बड़े फायदे होने की उम्मीद है:
– उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी: प्लांट के आधुनिकीकरण से विशेष स्टील के उत्पादन में इजाफा होगा।
– रोजगार के नए अवसर: बड़े निवेश से सीधे तौर पर कारखाने में और अप्रत्यक्ष रूप से सहायक उद्योगों, ट्रांसपोर्ट और छोटे कारोबार में हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
– इंडस्ट्रियल बेल्ट को बूस्ट: DSP के बाद ASP में निवेश से दुर्गापुर का पूरा इंडस्ट्रियल जोन फिर से गुलजार होगा और पुराना औद्योगिक गौरव लौटेगा।
SAIL का यह फैसला दुर्गापुर को स्टील हब के रूप में नई पहचान देने वाला साबित हो सकता है। हालांकि, परियोजना का निर्माण कार्य कब से शुरू होगा और इसकी पूरी टाइमलाइन क्या होगी, इसका खुलासा आने वाले दिनों में होगा।
