लक्ष्मी पूजा की सुबह NH-19 पर बड़ा हादसा: बिरुडीहा में डिवाइडर तोड़ सर्विस रोड पर पलटा बालू लदा ट्रेलर, खलासी गंभीर घायल
शिल्पांचल टुडे, कांकसा ।
लक्ष्मी पूजा की सुबह कोलकाता-दिल्ली नेशनल हाईवे (NH-19) पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कांकसा के बिरुडीहा इलाके में बालू से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर की लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड पर पलट गया। हादसे में ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा कोलकाता जाने वाले लेन में हुआ। ट्रेलर दुर्गापुर की ओर से तेज रफ्तार में पानागढ़ की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अत्यधिक स्पीड के कारण ड्राइवर ने संतुलन खो दिया, जिसके बाद ट्रेलर बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ता हुआ सर्विस लेन में पलट गया।
जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत कांकसा थाने की पुलिस को सूचना दी।
क्रेन से हटाया गया ट्रेलर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से केबिन में फंसे घायल खलासी को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद सर्विस रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था।
काफी मशक्कत के बाद क्रेन मंगवाकर पलटे हुए ट्रेलर को हटाया गया और सड़क पर बिखरे बालू को साफ कर यातायात को सामान्य किया गया।
त्योहार की सुबह हुए इस हादसे से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।














