पांडवेश्वर में बड़ा हादसा टला: कुमारडीही-ए कोलियरी में डोली की रस्सी फंसने से 12 श्रमिक खदान में फंसे, मौके पर पहुंचे विधायक जितेंद्र तिवारी
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
ईसीएल की कुमारडीही-ए कोलियरी में सोमवार शाम बड़ा हादसा होते-होते बचा। डोली को ऊपर-नीचे ले जाने वाली लोहे की रस्सी इंजन रूम के ड्रम में फंस गई, जिससे 12 श्रमिक खदान के अंदर फंस गए। घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। कोलियरी परिसर में तुरंत अफरा-तफरी मच गई।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि कुछ श्रमिक डोली से नीचे जा रहे थे, तो कुछ ड्यूटी खत्म कर ऊपर आ रहे थे। इसी दौरान इंजन रूम के ड्रम में रस्सी उलझ गई और डोली बीच में ही अटक गई।
विधायक जितेंद्र तिवारी ने लिया जायजा
घटना की खबर मिलते ही पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी तुरंत कुमारडीही कोलियरी पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया, अधिकारियों से बात की और श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के बचाव कार्य पर नजर बनाए रखी।
कोलियरी एजेंट मधुसूदन सिंह ने बताया कि ड्रम की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है और जल्द ही सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।
सुरक्षा पर उठे सवाल
श्रमिकों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि कुछ महीने पहले ही इंजन रूम के ड्रम की मरम्मत कराई गई थी, फिर भी उसमें खराबी आना लापरवाही को दर्शाता है। श्रमिकों ने मरम्मत की गुणवत्ता और खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल सभी 12 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी पर सबकी नजरें टिकी हैं।














