आसनसोल में ड्रग्स तस्करों को बड़ा झटका, 193 किलो गांजा केस में 3 को 10-12 साल की सजा
आसनसोल, शिल्पांचल टुडे।
नशे के सौदागरों के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। 193 किलो से ज्यादा गांजा तस्करी के मामले में कोर्ट ने तीन तस्करों को सख्त सजा सुनाई है। एक महिला तस्कर को 10 साल की जेल तो दो अन्य को 12-12 साल की कैद और लाखों का जुर्माना लगाया गया है।
ऐसे पकड़ी गई थी खेप
यह मामला 4 सितंबर 2023 का है। आसनसोल (उत्तर) थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो चार पहिया गाड़ियों में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाया और दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में गाड़ियों से 193 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने रूबी पात्र उर्फ सुस्मिता प्रधान, बुलू महंत और कृतिवास पात्र को गिरफ्तार किया था। आरोपी गांजे से संबंधित कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा पाए थे।
जांच के बाद कोर्ट ने सुनाई सजा
इस मामले की जांच पहले सब-इंस्पेक्टर सुभाष बंद्योपाध्याय और बाद में सब-इंस्पेक्टर श्यामल चटर्जी ने की। जांच पूरी कर पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी।
अदालत में सुनवाई के बाद जज ने तीनों को दोषी करार दिया।
– रूबी पात्र उर्फ सुस्मिता प्रधान: 10 साल की कैद + 1 लाख रुपये जुर्माना
– *बुलू महंत और कृतिवास पात्र:* 12-12 साल की कैद + 1-1 लाख रुपये जुर्माना
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने इस फैसले को नशे के खिलाफ चल रहे ‘मिशन नशा’ में एक बड़ी जीत बताया है।














