रानीगंज में ट्रांसफार्मर से टकराई रुई लदी लॉरी, धू-धू कर जली – दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू
रानीगंज, शिल्पांचल टुडे।
रानीगंज में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तारबांग्ला-टिकियापाड़ा इलाके में रुई से लदी एक तेज रफ्तार लॉरी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराई। टक्कर के बाद शॉर्ट सर्किट से लॉरी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी लॉरी आग के गोले में बदल गई।
रुई में लगी तो विकराल बनी आग
जानकारी के मुताबिक, यह लॉरी हावड़ा के सालकिया से रुई लेकर रानीगंज आ रही थी। टक्कर लगते ही ट्रांसफार्मर में जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी सीधे लॉरी पर लदी रुई पर जा गिरी। रुई ज्वलनशील होने के कारण आग ने पल भर में विकराल रूप ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें उठता देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
दो गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद बुझाई आग
सूचना मिलते ही रानीगंज दमकल केंद्र से दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लॉरी में लदी लाखों की रुई जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में ड्राइवर और खलासी सुरक्षित बच गए, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अंधेरे में डूबा इलाका
ट्रांसफार्मर टकराने से क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते पूरे तारबांग्ला-टिकियापाड़ा इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह से लोगों को बिजली नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने लॉरी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है, लेकिन लॉरी अनियंत्रित कैसे हुई, इसकी जांच चल रही है।














