रूपनारायणपुर में 15 फीट गहरे कुएं में गिरा सियार, वन विभाग ने किया फिल्मी अंदाज में रेस्क्यू
सालानपुर, शिल्पांचल टुडे।
पश्चिम बर्द्धमान के रूपनारायणपुर में बुधवार सुबह एक सियार की जान पर बन आई। दुर्गा मंदिर के पास चटर्जी परिवार के घर के कुएं में एक सियार गिर गया। सुबह-सुबह कुएं में सियार को देखकर घरवालों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात अंधेरे में भटकते हुए सियार गलती से करीब 15 फीट गहरे कुएं में जा गिरा था। पूरी रात वह कुएं में फंसा रहा। बुधवार सुबह जब घर के मालिक की नजर कुएं पर पड़ी तो उन्हें अंदर सियार दिखा। उन्होंने बिना देर किए रूपनारायणपुर वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
तमालिका चंद्र के नेतृत्व में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
खबर मिलते ही वन अधिकारी तमालिका चंद्र के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वनकर्मियों ने बड़ी सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कुछ ही देर में सियार को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया।
बाहर निकालने के बाद वन विभाग ने जांच की कि सियार को कोई चोट तो नहीं लगी है। स्वस्थ पाए जाने पर उसे पास के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन विभाग की इस तत्परता से एक बेजुबान की जान बच गई। स्थानीय लोगों ने वन विभाग के इस काम की खूब सराहना की है।














