दुर्गापुर के नए कोर्ट भवन में सुविधा नहीं तो काम नहीं, आसनसोल जिला कोर्ट के बाहर वकीलों का हल्ला बोल
आसनसोल, शिल्पांचल टुडे।
दुर्गापुर के नए अदालत भवन में सुविधाओं की कमी को लेकर वकीलों का गुस्सा अब सातवें आसमान पर है। दुर्गापुर में अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद अब यह विरोध आसनसोल जिला अदालत तक पहुंच गया है। गुरुवार को दुर्गापुर बार एसोसिएशन के सदस्यों ने आसनसोल जिला एवं सत्र न्यायाधीश अदालत परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। आसनसोल के वकीलों ने भी इस प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया।
क्या है वकीलों की नाराजगी?
दुर्गापुर बार एसोसिएशन का आरोप है कि हाईकोर्ट के निर्देश का हवाला देकर नए अधूरे भवन में जबरन फाइलें शिफ्ट कराई जा रही हैं। जबकि हकीकत यह है कि नए कोर्ट भवन में वकीलों के बैठने के लिए चैंबर, पीने के पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं तक ठीक से नहीं हैं।
एसोसिएशन के महासचिव कल्लोल घोष ने कहा, “हमें मॉडल कोर्ट बनाने का वादा किया गया था, लेकिन 6 सितंबर 2025 को अधूरे भवन का ही उद्घाटन कर दिया गया। 2 जनवरी 2026 तक पूरी सुविधाएं देने की बात कही गई थी, जो आज तक पूरी नहीं हुई।”
न्यायाधीशों के लिए AC, वकीलों के लिए कुछ नहीं?
वकीलों ने आरोप लगाया कि नए भवन में जजों के लिए शानदार एसी चैंबर बना दिए गए हैं, लेकिन वकीलों, मुहर्रिरों और आम जनता के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। भवन में इलेक्ट्रिफिकेशन और फायर सेफ्टी की क्लियरेंस को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
वकीलों का साफ कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ सुविधाओं की नहीं, बल्कि सम्मान की है। जब तक नए भवन में सभी जरूरी सुविधाएं पूरी तरह से बहाल नहीं की जातीं, तब तक अदालत को पूरी तरह से शिफ्ट नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि यह आंदोलन आने वाली युवा पीढ़ी के वकीलों के भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।














