Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

चक्रवात ‘अर्नब’ कमजोर पड़ा लेकिन टला नहीं खतरा, बंगाल के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट – आसनसोल-दुर्गापुर में भी बरसेंगे बादल

कोलकाता, शिल्पांचल टुडे।
चक्रवात ‘अर्नब’ भले ही अब कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र (Deep Depression) में बदल गया है, लेकिन पश्चिम बंगाल में इसका असर अभी खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार को चेतावनी जारी की है कि शुक्रवार तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, ‘अर्नब’ का अवशेष सिस्टम फिलहाल दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा पर केंद्रित है। इसके गुरुवार शाम तक और कमजोर होने की उम्मीद है, लेकिन इसके कारण बंगाल में नमी बनी हुई है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

IMD ने शुक्रवार सुबह तक दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं पश्चिम बर्धमान (आसनसोल-दुर्गापुर), हावड़ा, हुगली और कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर बंगाल में भी असर दिखेगा। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में शनिवार सुबह तक भारी बारिश की आशंका है।

रिकॉर्ड बारिश

पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश सागर द्वीप में 81.8 मिलीमीटर दर्ज की गई है। इसके अलावा मेदिनीपुर में 48 मिमी, दीघा में 46 मिमी और हल्दिया में 36 मिमी बारिश हुई है। कोलकाता में आज दिन भर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिजली चमकने पर खुले में न रहें और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

 

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *