Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बराकर में ED की सुबह-सुबह दबिश – कारोबारी अनिल अग्रवाल के घर 5 गाड़ियों से पहुंची टीम, ₹280 करोड़ घोटाले से जुड़ा है तार?

शिल्पांचल टुडे, बराकर / कुल्टी, 30 अक्टूबर।

आसनसोल-दुर्गापुर शिल्पांचल में शुक्रवार की सुबह हड़कंप से शुरू हुई। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर हनुमान चढ़ाई इलाके में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने एक बड़े कारोबारी के घर पर छापा मारा।

जानकारी के मुताबिक, कारोबारी अनिल अग्रवाल जो सोनू अग्रवाल के भाई बताए जा रहे हैं, उनके आवास पर ED की टीम ने सुबह करीब 6 बजे दबिश दी। पांच गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे ED अधिकारियों के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल (CRPF) के जवान भी तैनात रहे। टीम में महिला अधिकारी भी शामिल थीं।

5 घंटे तक चली तलाशी

सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों ने घर के अंदर घुसते ही जांच शुरू कर दी जो सुबह 11 बजे तक करीब 5 घंटे तक चली। इस दौरान घर के सभी दस्तावेज, बैंक खाते, लैपटॉप और डिजिटल डिवाइस खंगाले गए। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई।

₹280 करोड़ बैंक घोटाले से कनेक्शन?

हालांकि ED ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस छापेमारी की वजह का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई आज बंगाल में चल रहे बड़े बैंक घोटाले का ही हिस्सा है।

आज ही ED ने कोलकाता, उत्तरपाड़ा, हावड़ा और आसनसोल समेत 4 जगहों पर ₹280-290 करोड़ के कोहिनूर पावर घोटाले में छापेमारी की है। इस घोटाले में झारखंड में 66 मेगावाट पावर प्लांट के नाम पर लिया गया लोन शेल कंपनियों के जरिए गायब करने का आरोप है। सूत्रों का कहना है कि सोनू अग्रवाल, लाला और अनिल अग्रवाल से जुड़े नेटवर्क की भी इसी मामले में जांच चल रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अग्रवाल परिवार का कोयला और पावर कारोबार में बड़ा नाम है और पहले भी कई मामलों में इनके नाम सामने आ चुके हैं।

फिलहाल ED की टीम बराकर से निकल चुकी है, लेकिन कुछ दस्तावेज जब्त कर ले जाने की खबर है। क्या इस छापे में कोई बड़ी बरामदगी हुई है, इसका खुलासा ED की प्रेस रिलीज के बाद ही होगा।

 

 

  

        

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *