सालानपुर में अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो गिरफ्तार – हिंदुस्तान केबल्स कॉलोनी में सनसनी
शिल्पांचल टुडे, सालानपुर।
सालानपुर थाना क्षेत्र के हिंदुस्तान केबल्स ओल्ड कॉलोनी में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है।
क्या है मामला?
मृतक की पहचान अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विक्की मूल रूप से दिल्ली में परिवार के साथ रहता था, उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, लेकिन वह हिंदुस्तान केबल्स इलाके में एक क्वार्टर में अक्सर आता-जाता था।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार शाम विक्की पड़ोस में रहने वाले मंटू नामक व्यक्ति के घर गया था। आरोप है कि विक्की का मंटू की पत्नी के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध था। इसी दौरान मंटू को इसकी भनक लगी और वह काम से वापस घर लौट आया।
इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान विक्की की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस एक्शन में
घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सालानपुर थाने के एक अधिकारी ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद लग रहा है। हमने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा।”
घटना के बाद से हिंदुस्तान केबल्स ओल्ड कॉलोनी में तनाव का माहौल है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।














