आसनसोल नगर निगम पर CAG की पैनी नजर – बंगाल की 16 पालिकाओं समेत देश के 22 राज्यों में होगा बड़ा ऑडिट, खुलेंगे अवैध निर्माण और टैक्स के राज
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल / कोलकाता
आसनसोल में अगर आपने नक्शे से ज्यादा मंजिल बना ली है या प्रॉपर्टी टैक्स कम जमा किया है, तो अब आपकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। देश की सबसे बड़ी ऑडिट एजेंसी CAG (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) ने बंगाल समेत 22 राज्यों की नगरपालिकाओं में विशेष जांच शुरू करने का फैसला किया है, और इस लिस्ट में आसनसोल नगर निगम का नाम भी शामिल है।
यह जांच कोई आम ऑडिट नहीं, बल्कि ‘Horizontal Review’ नाम से एक विशेष अभियान है।
आसनसोल समेत बंगाल के किन शहरों में होगी जांच?
बंगाल में कुल 16 शहरी निकायों को इस ऑडिट के लिए चुना गया है, जिनमें प्रमुख हैं:
आसनसोल, सिलीगुड़ी, हल्दिया, कृष्णनगर, श्रीरामपुर, दार्जिलिंग, उत्तरपाड़ा-कोतरंग, दक्षिण दमदम, बरानगर, हालीशहर समेत 16 नगरपालिकाएं।
5 साल के रिकॉर्ड खंगालेगी CAG की टीम
CAG की विशेष टीम 2021-22 से 2025-26 तक के पांच वित्तीय वर्षों के पूरे रिकॉर्ड की जांच करेगी।
जांच के मुख्य बिंदु ये होंगे:
1. बिल्डिंग प्लान का खेल: कितने नक्शे पास हुए? क्या दो मंजिल की परमिशन लेकर चार मंजिल बना दी गई? क्या बहुमंजिला इमारतों में नियमों को ताक पर रखा गया?
2. प्रॉपर्टी टैक्स की हेराफेरी: कितनी संपत्तियों का टैक्स तय हुआ? क्या टैक्स का कम मूल्यांकन किया गया? कितने करोड़ का टैक्स बकाया है और वसूली क्यों नहीं हुई?
3. नक्शा और टैक्स का मिलान: सबसे अहम – CAG बिल्डिंग परमिशन के रिकॉर्ड का प्रॉपर्टी टैक्स के रिकॉर्ड से मिलान करेगी। अगर नक्शे में दो मंजिल है पर टैक्स रिकॉर्ड में कुछ और है, तो गड़बड़ी पकड़ी जाएगी।
क्या अवैध निर्माण टूटेंगे?
साफ कर दें, CAG का काम जांच करना है, बुलडोजर चलाना नहीं। CAG किसी बिल्डिंग को अवैध घोषित कर तोड़ने का आदेश नहीं देगी। लेकिन उसकी रिपोर्ट में जो अनियमितताएं सामने आएंगी, उसके आधार पर राज्य सरकार और नगर निगम को कार्रवाई करनी पड़ेगी। यानी, इस रिपोर्ट से बड़े घोटालों का खुलासा हो सकता है।
कब से शुरू होगी जांच?
जानकारी के मुताबिक, 5 अक्टूबर को Examiner of Local Accounts ने राज्य सरकार को इस ऑडिट की जानकारी दी थी और 13 अक्टूबर को शहरी विकास विभाग ने सभी 16 निकायों को दस्तावेज तैयार रखने का आदेश दिया है।
अक्टूबर के आखिरी हफ्ते से ही डेटा कलेक्शन शुरू हो जाएगा और यह पूरा ऑडिट 2027 तक चल सकता है।
आसनसोल के लिए क्यों है अहम?
आसनसोल तेजी से फैल रहा है। हर गली में नई बिल्डिंग, कॉम्प्लेक्स और दुकानें बन रही हैं। ऐसे में यह जांच बताएगी कि नगर निगम में बिल्डिंग प्लान पास करने और टैक्स वसूलने का सिस्टम कितना पारदर्शी रहा है। क्या सब कुछ नियम से हुआ या कागजों में खेल हुआ है? अब सबकी निगाहें CAG की रिपोर्ट पर हैं।














