मौतड़ बड़ी काली मंदिर चोरी कांड का पर्दाफाश, 3 चोर गिरफ्तार – गैस कटर से काटा था ताला, ₹50 लाख के गहने बरामद
शिल्पांचल टुडे, पुरुलिया।
पुरुलिया के प्रसिद्ध मौतड़ बड़ी काली मंदिर में हुई लाखों की चोरी का मामला आखिर सुलझ गया। रघुनाथपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस कांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी गए मां काली के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
गैस कटर से दिया था वारदात को अंजाम
2 अक्टूबर की रात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाया था। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने गैस कटर से मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला काटा और अंदर घुसकर मां काली की मूर्ति पर चढ़े करीब 40 से 50 लाख रुपये के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए थे। सुबह पुजारी के पहुंचने पर चोरी का खुलासा हुआ था, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी और लोकल सोर्स के आधार पर जांच तेज की थी। आखिरकार पुलिस को सफलता मिली और तीनों आरोपियों को धर दबोचा गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।














