आसनसोल के नामी होटल में छापा तो उड़े होश, एक्सपायरी पनीर-सॉस से बन रहा था खाना, फूड विभाग ने कचरे में फिंकवाया सामान
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
अगर आप भी आसनसोल के बड़े होटलों में खाना खाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए है। फूड सेफ्टी विभाग ने गोपालपुर स्थित एक नामी होटल में अचानक छापा मारा तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
एक्सपायरी डेट का माल, ग्राहकों की थाली में
जांच के दौरान टीम ने पाया कि किचन में रखे दूध से बने उत्पाद जैसे पनीर, मक्खन, क्रीम और कई तरह के सॉस की एक्सपायरी डेट महीनों पहले ही खत्म हो चुकी थी। इसके बावजूद होटल प्रबंधन उसी सड़े-गले सामान से ग्राहकों के लिए महंगे व्यंजन बना रहा था।
टीम ने तुरंत सारी एक्सपायरी सामग्री को जब्त कर कचरे में फिंकवा दिया।
खुले में पड़ा था खाना, गंदगी का अंबार
सिर्फ एक्सपायरी ही नहीं, होटल की साफ-सफाई में भी भारी लापरवाही मिली। कई खाने की चीजें खुले में रखी थीं, जिस पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। किचन में हाइजीन नाम की कोई चीज नहीं थी।
इस कार्रवाई में फूड सेफ्टी ऑफिसर के साथ एनफोर्समेंट ब्रांच (EB) और आसनसोल दक्षिण थाने की पुलिस भी मौजूद थी।
विभाग ने होटल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए नोटिस दिया है और कहा है कि अगर 7 दिन में साफ-सफाई और फूड सेफ्टी के नियमों का पालन नहीं किया गया तो होटल का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा और बड़ा जुर्माना लगाया जाएगा।














