इंदिरा गांधी अमर रहें! कुल्टी में कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
कुल्टी, शिल्पांचल टुडे।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कुल्टी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इंदिरा गांधी कॉलोनी, सिमल ग्राम और बराकर स्टेशन सहित कई जगहों पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान “इंदिरा गांधी अमर रहें” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुकांत दास, इम्तियाज खान, INTUC सचिव बाबू बनर्जी, पूर्व उपाध्यक्ष बिस्वजीत मंडल, हसन इमाम खान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष जाकिर हुसैन, अधिवक्ता हामिद सिद्दीकी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैंकों और कोयला खदानों के राष्ट्रीयकरण को याद किया
इस मौके पर बाबू बनर्जी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए थे। उन्होंने बैंकों और कोयला खदानों का राष्ट्रीयकरण किया, जिससे आम लोगों और मजदूरों को फायदा हुआ। 1971 के युद्ध के बाद बांग्लादेश का गठन भी उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा, “आज दुख होता है कि उन्हीं बनाई हुई संपत्तियों को बेचा जा रहा है। आज का दिन राजनीति का नहीं, उनके योगदान को याद करने का है।”
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसियों ने उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर नमन किया और जय हिंद के नारे लगाए।













