दुर्गापुर में दवा दुकान की आड़ में नशे का काला धंधा! घर से निकलीं 285 बोतल फेंसिडिल और गांजा, मालिक सुदीप गिरफ्तार
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
दवा के नाम पर नशा बेचने वाले सावधान! दुर्गापुर पुलिस ने नशे के सौदागरों पर बड़ी चोट की है। न्यू टाउनशिप थाना पुलिस ने एक दवा दुकान मालिक के घर से प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद किया है।
आधी रात को पड़ा छापा, घर से निकला नशे का गोदाम
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फूलझोर इलाके में एक दवा दुकान मालिक अवैध रूप से नशीली दवाएं बेच रहा है। सूचना मिलते ही सोमवार रात न्यू टाउनशिप थाना पुलिस ने फूलझोर मोड़ से स्टील पार्क मोड़ इलाके में स्थित आरोपी के घर पर छापा मारा।
तलाशी में पुलिस भी हैरान रह गई। घर के अंदर से –
– कोडीन वाली 285 बोतल फेंसिडिल सिरप
– भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट
– गांजे के कई पैकेट
बरामद हुए। यह सब एक दवा दुकानदार के घर से मिलना इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
आरोपी गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की तलाश
पकड़े गए आरोपी की पहचान सुदीप मुखोपाध्याय के रूप में हुई है। वह दुर्गापुर में ही दवा दुकान चलाता है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी (ईस्ट) रासप्रीत सिंह ने कहा, “हमें सूचना मिली थी, जिसके आधार पर फूलझोर में छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 285 बोतल फेंसिडिल और प्रतिबंधित टैबलेट मिली हैं। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि यह माल कहां से लाया और किसे सप्लाई करना था।”
पुलिस को शक है कि इसके पीछे कोई बड़ा अंतर-जिला नशा तस्करी नेटवर्क हो सकता है। युवाओं को फेंसिडिल और टैबलेट के जरिए नशे की लत लगाई जा रही थी। पुलिस अब उसके मोबाइल और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।













