ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त; एक गिरफ्तार
शिल्पांचल टुडे, बर्दवान।
पश्चिम बंगाल में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पूर्व बर्दवान जिले के बर्दवान सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात पुलिस ने मोर बांध इलाके में मुकेश पासवान नामक युवक के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान उसके घर से करीब 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। जब्त नशीले पदार्थ की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने मौके से ही मुकेश पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को बर्दवान अदालत में पेश किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारियों का पता लगाने का प्रयास है कि आरोपी कब से नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल था और इस अवैध नेटवर्क में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, बर्दवान में लगातार कार्रवाई से मादक पदार्थों के नेटवर्क पर उठे सवाल।













