बर्नपुर में सीएम शुभेंदु अधिकारी का भव्य स्वागत! काली पूजा उद्घाटन में उमड़े 5000 लोग, बोले – आसनसोल मेरी पुरानी ताकत है, अब विकास की बारी है
शिल्पांचल टुडे, बर्नपुर।
बर्नपुर गुरुवार रात भक्ति और उत्साह से गूंज उठा। नाकड़ासोता बड़दिघारी एवं जनकल्याण शिविर की काली पूजा के उद्घाटन के लिए राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पहुंचे तो पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
करीब 2 घंटे की देरी से रात साढ़े 8 बजे मुख्यमंत्री बर्नपुर पहुंचे, फिर भी करीब 5000 लोग उनका इंतजार करते बैठे थे।
अग्निमित्रा पाल ने किया स्वागत
पंडाल में पूजा के प्रमुख संरक्षकों में शामिल आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक तथा राज्य की पुर एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
सबसे पहले मुख्यमंत्री ने फीता काटकर पूजा का उद्घाटन किया, फिर मां काली की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित किया।
मंच से सीएम का बड़ा ऐलान
मंच से बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा – “मैं 2 घंटे देर से पहुंचा, फिर भी 5000 लोग बैठे हैं। इतनी भीड़ देखकर आश्चर्य हो रहा है। इसके लिए नगर विकास मंत्री और पूजा कमेटी को धन्यवाद।”
उन्होंने कहा – “उत्तर बंगाल की तरह आसनसोल भी मेरी पार्टी का पुराना समर्थक क्षेत्र रहा है। 2014 में आसनसोल की जनता ने पार्टी के उम्मीदवार को जीताकर सांसद बनाया था। अब सत्ताधारी दल के रूप में मेरी बड़ी जिम्मेदारी है, मैं उसे निभाऊंगा।”
रानीगंज में वेदांता का बड़ा उद्योग
मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि रानीगंज में वेदांता ने अपने पुराने प्रतिष्ठान में उद्योग लगाने की इच्छा जताई है। वेदांता के अधिकारी उनसे मिल चुके हैं। सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
नागरिक सुविधाओं पर सख्त निर्देश
मंच पर मौजूद आसनसोल नगर निगम के प्रशासक सह आयुक्त को निर्देश देते हुए सीएम ने कहा – “आप सभी काम करें। सड़क, पेयजल सहित सभी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाएं। जब तक निर्वाचित बोर्ड का गठन नहीं होता, तब तक काम जारी रखें।”
छठ पूजा की तैयारी का निर्देश
सीएम ने कहा कि छठ पूजा नजदीक है। आसनसोल सहित पूरे पश्चिम बर्धमान में बड़े स्तर पर छठ मनाई जाती है। प्रशासन को पहले ही सभी घाट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पूजा के बाद वह आसनसोल आकर बैठक करेंगे। केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
सीएम ने निशाना साधते हुए कहा – “पिछली सरकार ने यहां पिछले 15 वर्षों में कोई काम नहीं किया। अब हमें वे सभी काम करने हैं।”
कार्यक्रम में कौन-कौन रहे मौजूद?
कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य तकनीकी विभाग के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार*, पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार और विभिन्न विधायक मौजूद थे।
बता दें, मुख्यमंत्री गुरुवार शाम साढ़े 7 बजे कोलकाता से विशेष विमान से अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट पहुंचे, फिर सड़क मार्ग से बर्नपुर आए। यहां से उन्हें बाराबनी में एक और पूजा का उद्घाटन करके दुर्गापुर जाना था।













