19 नवंबर को आसनसोल में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन! इंदिरा गांधी की जयंती पर होगा पश्चिम बर्दवान OBC कांग्रेस का ऐतिहासिक जिला कन्वेंशन, माया घोष और MQ कमर करेंगे शिरकत
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
लौह महिला और भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर आसनसोल में कांग्रेस एक बार फिर अपनी ताकत दिखाने जा रही है। आगामी 19 नवंबर 2026 को पश्चिम बर्दवान जिला ओबीसी कांग्रेस कमेटी की ओर से भव्य जिला कन्वेंशन का आयोजन किया जाएगा।
पूरे कार्यक्रम की कमान पश्चिम बर्दवान जिला ओबीसी कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन अधिवक्ता राजेश्वर शर्मा और उनकी जिला कमेटी ने संभाल रखी है। कार्यक्रम को लेकर जिले भर में तैयारियां तेज हो गई हैं।
कौन-कौन होंगे मुख्य अतिथि?
इस जिला कन्वेंशन में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल प्रदेश ओबीसी कांग्रेस की चेयरमैन डॉ. माया घोष एवं पश्चिम बंगाल आईएनटीयूसी के प्रदेश अध्यक्ष जनाब एम. क्यू. कमर साहब उपस्थित रहेंगे।
इनके अलावा राज्य एवं जिला स्तर के अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता, सभी शाखा संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता भी इस कन्वेंशन में शामिल होंगे।
सिर्फ जयंती नहीं, कांग्रेस का बड़ा संदेश
तैयारियों और समन्वय को लेकर आयोजित बैठक में अधिवक्ता राजेश्वर शर्मा ने साफ कहा कि 19 नवंबर का कार्यक्रम केवल इंदिरा गांधी जी की जयंती समारोह तक सीमित नहीं रहेगा।
इसके साथ ही पश्चिम बर्दवान जिला कांग्रेस का एक महत्वपूर्ण जिला कन्वेंशन भी आयोजित होगा, जिसके माध्यम से कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
समन्वय बैठक में जुटे सभी शाखा संगठन
आज की समन्वय बैठक में विभिन्न शाखा संगठनों के जिला चेयरमैन एवं पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। इनमें एस. एम. मुस्तफा (पूर्व पार्षद), अधिवक्ता संपदा सरकार, अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन फिरोज खान, किसान कांग्रेस के चेयरमैन बी. एन. प्रसाद गुप्ता, महिला कांग्रेस की रोशनी बानो, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन रॉबिन कुरिया, सेवा दल के पदाधिकारी सहित अन्य नेता शामिल थे।
बैठक में सभी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।













