बराकर में चीनी माफिया पर प्रशासन का बड़ा प्रहार! गोदाम में छापेमारी, 58 रुपये की चीनी कितने में बेच रहे थे व्यापारी? जांच में खुला राज
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
बराकर बाजार में चीनी की बढ़ती कीमतों और कालाबाजारी की शिकायत पर प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। फूड सप्लाई और एग्री मार्केटिंग विभाग की संयुक्त टीम ने बराकर के एक बड़े चीनी गोदाम में छापेमारी कर दी। छापेमारी की खबर मिलते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।
किस गोदाम पर पड़ा छापा?
यह गोदाम फकीर चंद रॉय शिव दत्ता रॉय नाम से चलता है। इसके मालिक बंटी सुहासरिया बताए गए हैं। अधिकारियों ने गोदाम में चीनी के स्टॉक, खरीद-बिक्री के रजिस्टर और कीमतों की बारीकी से जांच की।
दो तरह की चीनी मिली, खरीद दर 58 रुपये बताई गई
जांच में गोदाम में सामान्य और बड़े आकार की दो तरह की चीनी मिली। अधिकारियों को चीनी की खरीद दर 58 रुपये प्रति किलो बताई गई।
टीम ने दोनों तरह की चीनी की कीमत और बाजार में बिक्री दर की जांच की। यह देखा गया कि कहीं गोदाम से ज्यादा दाम पर चीनी तो नहीं बेची जा रही है और स्टॉक तो नहीं छिपाया जा रहा है।
कौन-कौन अधिकारी रहे मौजूद?
इस अभियान में एग्री मार्केटिंग की सहायक निदेशक श्राबन्ति चक्रवर्ती और स्वागत राय समेत फूड सप्लाई और एग्री मार्केटिंग विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
अधिकारियों ने कहा कि बाजार में चीनी की कीमतों में मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्टॉक छिपाने, नियम तोड़ने या ज्यादा कीमत पर बेचने वालों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई होगी।
इस छापेमारी से कारोबारियों में हलचल मच गई। वहीं आम लोगों को उम्मीद है कि इससे बाजार में चीनी की कीमतों पर नियंत्रण रहेगा।













