आसनसोल में खौफनाक वारदात! छाईगादा में पिता की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, बेटे और पत्नी पर शक – पहले भी कई बार की थी मारपीट, हाथ टूटा था, सिर फूटा था
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
आसनसोल उतर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के छाईगादा इलाके में एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगा है। इस मामले में मृतक के बेटे और पत्नी पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पहले भी कई बार मारपीट का आरोप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि मृतक के बेटे और उसकी पत्नी ने पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट की थी।
स्थानीय लोगों का दावा है कि पहले हुई एक मारपीट में व्यक्ति का हाथ टूट गया था, जबकि एक अन्य घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। यहां तक कि उन्हें घर से बाहर निकालने का भी आरोप लगाया गया है।
बुधवार को फिर हुआ विवाद, मौत का आरोप
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को एक बार फिर पारिवारिक विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान बेटे और उसकी मां ने व्यक्ति के साथ मारपीट की। इस मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं और बाद में उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल उत्तर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह, मारपीट की परिस्थितियों और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
एक ही परिवार के भीतर इस तरह की घटना सामने आने के बाद छाईगादा इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।













