पांडवेश्वर में आधी रात पुलिस का बड़ा धावा! रेलवे फाटक पर हथियार के साथ जुटे थे 10 बदमाश, 1 आग्नेयास्त्र, चेन और बैट बरामद – झारखंड कनेक्शन से मचा हड़कंप
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
पांडवेश्वर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई की। तुमुनी ब्रिज के पास जोयालभांगा रेलवे फाटक के सामने संदिग्ध हालत में जुटे 10 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से एक आग्नेयास्त्र, साइकिल की चेन और बेसबॉल बैट समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार, पांडवेश्वर थाने के एसआई देबाशीष मुखर्जी को सूचना मिली थी कि तुमुनी ब्रिज के पास जोयालभांगा रेलवे फाटक के सामने कुछ लोग संदिग्ध परिस्थितियों में एकत्र हुए हैं। सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया जाता है कि शुरुआती पूछताछ के दौरान पुलिस को उनके जवाबों में कई विसंगतियां मिलीं। इसके बाद तलाशी ली गई, जिसमें एक आग्नेयास्त्र, साइकिल की चेन और बेसबॉल बैट बरामद हुए। पुलिस सभी 10 लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में छह पांडवेश्वर के डीवीसी बांगालपाड़ा के निवासी हैं। इनके नाम हैं:
विनोद बेड, सुंदर यादव, शेख फरहान, तापस बेद, पवन चौहान, कबीराज बेद वहीं, तीन आरोपी झारखंड के मिहिजाम-जामताड़ा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनके नाम संतोष पासी, देव कुमार और माना पासी हैं। दसवां आरोपी जामुड़िया के हुसैन नगर का निवासी साद्दाम खान है।
दुर्गापुर अदालत में पेशी
शनिवार सुबह सभी 10 आरोपियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों को अपनी हिरासत में लेने की मांग की है।
किस मकसद से जुटे थे आरोपी?
एक साथ 10 लोगों का सुनसान रेलवे फाटक के पास आग्नेयास्त्र और अन्य सामान के साथ जमा होना पुलिस के लिए जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार कहां से आया और क्या इस मामले के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है।
फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर उनके वहां जमा होने के वास्तविक उद्देश्य का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद पांडवेश्वर और झारखंड सीमा से सटे इलाकों में चर्चा तेज है।














