दुर्गापुर में कांग्रेस का भव्य विजया मिलन! “धर्म जिसका भी हो, उत्सव सबका है” – सौहार्द और एकता के संदेश से गूंजा सृजनी प्रेक्षागृह, नेहरू जयंती पर दी श्रद्धांजलि
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
सौहार्द और एकता की मिसाल पेश करते हुए शनिवार को सिटी सेंटर स्थित सृजनी प्रेक्षागृह में कांग्रेस का भव्य विजया मिलन समारोह आयोजित किया गया। आयोजन दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा युवा कांग्रेस कमेटी की ओर से किया गया था।
शनिवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती भी थी। इसलिए कार्यक्रम की शुरुआत पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। पूरे प्रेक्षागृह में एक मनमोहक और भावुक माहौल बन गया।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस सभा की अध्यक्षता पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष *तरुण रॉय* ने की। उनके साथ मंच पर मौजूद थे –
पश्चिम बर्दवान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरजीत सिंह, पश्चिम बंगाल प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ प्रसाद, प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव अनुपम साईं, हिंदुस्तान स्टील वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष राणा सरकार, पश्चिम बंगाल प्रदेश INTUC के वरिष्ठ नेता असीम साहा, अधिवक्ता कायेस बेग, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य शशि दुबे, जिला युवा कांग्रेस के महासचिव चंद्रशेखर गांगुली, जिला छात्र परिषद के अध्यक्ष फरहाद हुसैन सहित अन्य नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता-समर्थक।
“युवा ही देश का भविष्य हैं” – तरुण रॉय
इस अवसर पर वक्ताओं ने संगठन की एकता, सौहार्द और आने वाले दिनों में एक साथ चलने का संदेश दिया।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष तरुण रॉय ने कहा:
“युवा ही देश का भविष्य हैं। वर्तमान राजनीतिक अस्थिरता में युवाओं का भविष्य कई तरह से प्रभावित हो रहा है। इसलिए युवाओं को एकजुट होकर आगे आना होगा।”
विजया मिलन से दिया बड़ा संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के बीच आपसी शुभेच्छा का आदान-प्रदान हुआ। आयोजकों ने इस मंच से बड़ा संदेश दिया:
“धर्म जिसका भी हो – उत्सव सबका है। सम्प्रीति के बंधन में एक हो परिवार। भेदभाव भूलकर हाथ में हाथ रखें, मानवता की रोशनी से नया रास्ता बनाएं।”
विजया मिलन समारोह के माध्यम से कांग्रेस ने दुर्गापुर में सौहार्द, भाईचारे और एकता का मजबूत संदेश दिया।














