जनजातीय गौरव दिवस पर पांडवेश्वर में बड़ी सौगात! 30 से अधिक आदिवासी परिवार बनेंगे अपनी जमीन के मालिक, CM शुभेंदु अधिकारी सौंपेंगे पट्टा – विधायक जितेंद्र तिवारी ने दी खुशखबरी
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब सालों का इंतजार खत्म होने वाला है।
दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के लस्करबांध मौजा के 30 से अधिक आदिवासी परिवारों को उनकी जमीन का मालिकाना हक देने के लिए पट्टा उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री सौंपेंगे पट्टा
इस संबंध में दी गई जानकारी के अनुसार, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इन परिवारों को जमीन के मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज सौंपेंगे। इससे लंबे समय से अपनी जमीन पर कानूनी अधिकार मिलने की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस पहल को आदिवासी समुदाय के जल, जंगल और जमीन पर पारंपरिक अधिकारों को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है।
विधायक जितेंद्र तिवारी ने दी जानकारी
पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने इस पहल को क्षेत्र के आदिवासी परिवारों के लिए खुशी और सम्मान का विषय बताया। उन्होंने कहा कि 30 से अधिक परिवारों को जमीन का पट्टा मिलने से उन्हें अपने जमीन संबंधी अधिकारों की औपचारिक पहचान मिलेगी।
विधायक ने कहा कि यह सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं है, यह आदिवासी परिवारों के आत्मसम्मान, सुरक्षा और भविष्य की पहचान है।














