दुर्गापुर के गोपालपुर में शराब-गांजा-ब्राउन शुगर अड्डे को लेकर खूनी संघर्ष! विरोध करने पर महिलाओं के सिर फोड़े, धारदार हथियार से युवक गंभीर – इलाके में भारी पुलिस तैनात, BJP विधायक ने पुलिस को दी कड़ी चेतावनी
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
शराब, गांजा और यहां तक कि ब्राउन शुगर का अड्डा चलने के आरोप को लेकर रविवार रात दुर्गापुर के गोपालपुर उत्तरपाड़ा में तनाव फैल गया।
असामाजिक गतिविधियों का विरोध करने पर स्थानीय निवासियों पर हमला किए जाने का आरोप लगा है। दोनों पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में कई महिलाओं के सिर फट गए। वहीं, धारदार हथियार के हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय की पुलिस को कड़ी चेतावनी
इस घटना के बाद दुर्गापुर पूर्व के भाजपा विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने पुलिस को कड़ी चेतावनी दी।
उन्होंने कहा – “आने वाले दिनों में यदि इस तरह की घटना दोबारा होती है, तो पुलिस से किस तरह काम करवाना है, यह हमें अच्छी तरह पता है। उसी तरीके से काम करवाया जाएगा।”
विधायक की इस टिप्पणी को लेकर भी इलाके में चर्चा शुरू हो गई है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत रविवार रात को हुई।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि गोपालपुर उत्तरपाड़ा में लंबे समय से शराब और गांजे का अड्डा चल रहा है। यहां तक कि वहां ब्राउन शुगर का अड्डा चलने का आरोप भी लगाया गया है।
इन असामाजिक गतिविधियों को बंद करने की मांग को लेकर इलाके के कुछ निवासी आवाज उठा रहे थे। आरोप है कि विरोध करने पर ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई।
धारदार हथियार से हमला, महिलाएं लहूलुहान
दोनों पक्षों के बीच मारपीट और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि झड़प के दौरान धारदार हथियारों से भी हमला किया गया।
इसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, कई महिलाओं के सिर फट गए और वे लहूलुहान हो गईं। घायलों का इलाज दुर्गापुर महकमा अस्पताल और राजबांध स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
सोमवार सुबह फिर भड़का तनाव, पुलिस पिकेट तैनात
रविवार रात ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। लेकिन सोमवार सुबह एक बार फिर पूरा इलाका तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने पर कांकसा थाने की भारी पुलिस बल दूसरी बार घटनास्थल पर पहुंची। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई।
पुलिस ने बताया कि इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस पिकेट बैठाई गई है और लगातार गश्त की जा रही है। आखिर यह घटना किन कारणों से हुई, इसकी जांच की जा रही है।













