बर्नपुर हाई स्कूल में गूंजा बेटियों का नारा – “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”! आशा किरण NGO के अभियान में छात्राओं ने लिया संकल्प, अध्यक्ष आशा शर्मा के भावुक बयान ने सबकी आंखें कर दीं नम
शिल्पांचल टुडे, बर्नपुर।
बेटियां बोझ नहीं, वरदान हैं… बेटियां ही देश का भविष्य हैं… इसी संदेश के साथ बर्नपुर हाई स्कूल में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को लेकर एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी संस्था ‘आशा किरण’ NGO की ओर से किया गया।
स्कूल परिसर में जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, पूरा माहौल बेटियों के सम्मान और शिक्षा के नारों से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लिया।
बेटियों ने लिया शिक्षा का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नाटक, भाषण, पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से समाज को आईना दिखाया। उन्होंने बताया कि आज बेटियां डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, पुलिस अधिकारी, वैज्ञानिक और नेता बनकर देश का नाम रोशन कर रही हैं। बस जरूरत है तो उन्हें एक मौका देने की, उन्हें पढ़ाने की और उन्हें आगे बढ़ने देने की।
कार्यक्रम में मौजूद सभी छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे खूब पढ़ेंगी, आत्मनिर्भर बनेंगी और अपने माता-पिता और समाज का नाम रोशन करेंगी।
आशा शर्मा का दिल छू लेने वाला बयान
कार्यक्रम में आशा किरण NGO की अध्यक्ष आशा शर्मा ने अपने संबोधन में सभी को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा:
“जब एक बेटी पैदा होती है, तो भगवान घर में लक्ष्मी भेजते हैं। लेकिन अफसोस, आज भी कई जगह बेटी के जन्म पर चेहरा उतर जाता है। मैं पूछना चाहती हूं, जिस मां ने हमें जन्म दिया, क्या वो खुद बेटी नहीं थी?बेटी को मत मारो, बेटी को पढ़ाओ। क्योंकि जब आप एक बेटे को पढ़ाते हो, तो सिर्फ एक परिवार संवरता है, लेकिन जब आप एक बेटी को पढ़ाते हो, तो दो-दो परिवार संवर जाते हैं, पूरा समाज संवर जाता है।
मेरी हर माता-पिता से हाथ जोड़कर विनती है, अपनी बेटी को बोझ मत समझो, उसे अपनी ताकत समझो। उसे किताब दो, उसे पंख दो, उसे उड़ने दो। वो एक दिन पूरे आसमान पर आपका नाम लिखेगी। आज की बेटी ही कल की डॉक्टर, कल की शिक्षिका, कल की अधिकारी बनेगी। बेटी बचाओगे तो ही देश बचेगा।”
आशा शर्मा के इस बयान पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
शिक्षकों और छात्रों ने की सराहना
स्कूल के शिक्षकों ने कहा कि आशा किरण NGO का यह अभियान बेहद सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में जागरूकता आती है और समाज की सोच बदलती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।













