सोशल मीडिया पर शिकायत मिलते ही एक्शन में आए विधायक जितेंद्र तिवारी! डलूरबांध के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का किया निरीक्षण, ECL प्रबंधन को दिए सख्त निर्देश – “खिलाड़ियों को चाहिए साफ-सुथरा और सुरक्षित मैदान”
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के डलूरबांध स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की बदहाल स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर शिकायतें सामने आने के बाद विधायक जितेंद्र तिवारी तुरंत एक्शन में आ गए। उन्होंने देर नहीं की और खुद मौके पर पहुंचकर स्टेडियम का निरीक्षण किया।
स्टेडियम परिसर में गंदगी, बिखरे कांच के टुकड़ों और अन्य कचरे को लेकर लोगों ने चिंता जताई थी। खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों का कहना था कि इस हालत में मैदान में खेलना और अभ्यास करना खतरनाक हो गया है।
विधायक ने खुद देखा मैदान का हाल
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पूरे स्टेडियम परिसर का दौरा किया और गंदगी, टूटे कांच और रखरखाव की खामियों को करीब से देखा।
ECL अधिकारियों के साथ की अहम बैठक
इस दौरान उन्होंने ईसीएल (ECL) अधिकारियों के साथ स्टेडियम की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और नियमित रखरखाव को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्टेडियम को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को स्वच्छ, सुरक्षित और खेल गतिविधियों के अनुकूल बनाना जरूरी है, ताकि क्षेत्र के युवा और खेल प्रेमी बेहतर वातावरण में अभ्यास कर सकें।
उन्होंने स्टेडियम की व्यवस्था में सुधार को लेकर ECL प्रबंधन के साथ आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया और जल्द से जल्द सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
खिलाड़ियों में जगी उम्मीद
विधायक के इस दौरे के बाद स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों में उम्मीद जगी है। अब सबकी नजरें ECL प्रबंधन की ओर हैं कि स्टेडियम की समस्याओं का समाधान कितनी जल्दी होता है।
खिलाड़ियों का कहना है कि अगर स्टेडियम साफ-सुथरा और सुरक्षित हो जाए, तो डलूरबांध से भी बड़े-बड़े खिलाड़ी निकलेंगे।













