भादुबाला हाई स्कूल पहुंचे विधायक जितेंद्र तिवारी, अचानक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।
पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के जेमुआ इलाके स्थित भादुबाला हाई स्कूल में शुक्रवार को विधायक जितेंद्र तिवारी ने अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के समग्र वातावरण, पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था और बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं से मुलाकात कर शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं से भी सीधे बातचीत की और उनकी पढ़ाई, कक्षाओं के माहौल तथा शिक्षा के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
विधायक ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई के अनुभव भी जाने और यह समझने का प्रयास किया कि विद्यालय में पठन-पाठन किस प्रकार चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में शिक्षा का बेहतर माहौल विकसित हो और सभी छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिले, यही उनकी अपेक्षा है।













