बड़ी खबर: पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी, अब अंग्रेजी में भी होगा ‘Paschim Banga’!
शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में राज्य के नाम को लेकर एक बड़ा फैसला सामने आया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य मंत्रिमंडल ने पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि अब अंग्रेजी में भी राज्य का नाम ‘West Bengal’ की जगह ‘Paschim Banga’ रखने का प्रस्ताव है
9 दिसंबर को विधानसभा में पेश होगा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि आगामी 9 दिसंबर को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में राज्य का नाम बदलने संबंधी प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
हालांकि, अभी राज्य का नाम आधिकारिक रूप से नहीं बदला है। इसके लिए केंद्र सरकार और संसद की निर्धारित संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
1947 के इतिहास से जुड़ा है नाम बदलने का मुद्दा
मुख्यमंत्री ने इस फैसले को 1947 में बंगाल के विभाजन और पश्चिम बंगाल के गठन के इतिहास से जोड़ते हुए इसे जरूरी बताया है। सरकार का उद्देश्य बंगाली पहचान और ऐतिहासिक नाम को अंग्रेजी में भी समान रूप से स्थापित करना है।
पहले भी हो चुके हैं नाम बदलने के प्रयास
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग नई नहीं है। इससे पहले भी वाममोर्चा और ममता बनर्जी सरकार के कार्यकाल में नाम बदलने के प्रस्ताव सामने आए थे। वर्ष 2018 में तत्कालीन तृणमूल सरकार ने राज्य का नाम ‘बांग्ला’ करने का प्रस्ताव विधानसभा से पारित कराया था, लेकिन केंद्र से अंतिम मंजूरी नहीं मिल सकी थी।
अब शुभेंदु अधिकारी सरकार ने एक बार फिर इस मुद्दे को आगे बढ़ाया है। यदि प्रस्ताव को सभी आवश्यक मंजूरियां मिल जाती हैं, तो अंग्रेजी में भी राज्य की पहचान ‘Paschim Banga’ हो जाएगी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार पश्चिम बंगाल को नया आधिकारिक नाम मिल पाएगा?













