घर में चोरी की वारदात का मानवाजार पुलिस ने किया खुलासा, सोने-चांदी के आभूषण बरामद, एक गिरफ्तार
शिल्पांचल टुडे, पुरुलिया।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में मानवाजार थाना पुलिस ने घर में चोरी की घटना की जांच करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी हुए सोने और चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। इस मामले मेंएक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है
घर खाली देखकर चोरों ने बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को मानवाजार निवासी सावित्री पाल (पति संदीप पाल) के घर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई थी। परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोर घर में घुसे और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 35 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर मानवाजार थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आए दो नाबालिगों के नाम
जांच के दौरान पुलिस ने उज्ज्वल लाहा उर्फ सुमित नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस हिरासत में उससे पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर दो अन्य नाबालिगों को भी पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिगों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किए गए नाबालिग
पुलिस ने दोनों नाबालिगों को पुरुलिया के जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के प्रधान मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। पुरुलिया जिला पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।













