सिदुली में पोथोल साइट का ECL CMD डॉ. सतीश झा ने किया निरीक्षण, ब्लास्टिंग से होने वाले कंपन की भी हुई जांच
शिल्पांचल टुडे , रानीगंज।
कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के Cmd सतीश झा ने मंगलवार को सिदुली गांव के चट्टराबाद और भुइपाड़ा इलाके में बने पोथोल (जमीन में धंसाव) स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ निदेशक (तकनीकीएंड पी) गिरिश गोपीनाथ नायर, GM (सेफ्टी), GM (ब्लास्टिंग), क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी और केंदा एरिया के GM सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान CMD ने संबंधित अधिकारियों को पोथोल स्थलों को तत्काल भरने के निर्देश दिए, ताकि संभावित आग लगने के खतरे को कम करने के साथ आसपास के इलाकों की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।
ब्लास्टिंग के कंपन की वैज्ञानिक तरीके से जांच
इसके बाद टीम ने C.L. जामबाद एक्सपेंशन ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (OCP) में ब्लास्टिंग के दौरान होने वाले जमीन के कंपन की भी समीक्षा की। इसके लिए चट्टराबाद, भुइपाड़ा, कुच्चीपाड़ा, माझीपाड़ा और सिदुली गांव सहित छह चिन्हित स्थानों पर वाइब्रोमीटर के माध्यम से ग्राउंड वाइब्रेशन की निगरानी की गई।
ECL की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, निगरानी में सामने आया कि चिन्हित स्थानों पर ब्लास्टिंग से उत्पन्न कंपन का प्रभाव नगण्य पाया गया।
रानीगंज मास्टर प्लान पर भी हुई चर्चा
निरीक्षण के बाद CMD डॉ. सतीश झा ने एरिया गेस्ट हाउस में प्रेस, मीडिया प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में पोथोल बनने की परिस्थितियों के साथ रानीगंज मास्टर प्लान के तहत किए जाने वाले कार्यों और उससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
ECL प्रबंधन ने दोहराया कि सुरक्षित खनन, वैज्ञानिक निगरानी, संभावित खतरों को समय रहते रोकने और स्थानीय समुदायों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।













