पांडवेश्वर में रेलवे के खिलाफ फूटा गुस्सा, फूलबागान गेट बंद करने पहुंची टीम को लौटना पड़ा बैरंग
शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर |
फूलबागान रेलवे गेट बंद करने पहुंची रेलवे और RPF की टीम को शनिवार सुबह स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। तिरंगा हाथ में लेकर व्यापारी, महिलाएं, बुजुर्ग और छात्र सड़कों पर उतर आए और गेट बंद करने का फैसला वापस लेने की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
पूर्व रेलवे ने 28 नवंबर 2026 से पांडवेश्वर-डालुरबांध साइडिंग के बीच स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग को स्थायी रूप से बंद करने की अधिसूचना जारी की थी। रेलवे ने विकल्प के तौर पर रोड ओवरब्रिज से NH-60 होकर जाने का सुझाव दिया है।
लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे उन्हें 4-5 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।
क्यों है यह रास्ता जरूरी?
लोगों के अनुसार यह क्रॉसिंग पांडवेश्वर की जीवनरेखा है। एक तरफ थाना, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल हैं, तो दूसरी तरफ मुख्य बाजार, पोस्ट ऑफिस और कॉलेज। रोजाना हजारों विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और बसें इसी रास्ते से गुजरती हैं।
लोगों की एक ही मांग
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा – पहले फूलबागान मोड़ से ही वैकल्पिक रास्ता बनाओ, फिर गेट बंद करने की बात करो। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के गेट बंद करना मंजूर नहीं।
भारी विरोध के बाद फिलहाल रेलवे को गेट बंद करने की प्रक्रिया रोकनी पड़ी। लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक वैकल्पिक रास्ता नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।













