डॉ रमन राज को लगभग 7 महीने बाद मिली जमानत
आसनसोल । पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार आसनसोल के विख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डा. रमण राज को लगभग सात महीने के बाद मंगलवार को जमानत पर रिहा किया गया। बीते 20 नवंबर को आसनसोल की महिला थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार डॉ रमन राज को पॉक्सो कोर्ट में पेश कर पुलिस ने पांच दिनों की रिमांड पर ली थी। पुलिस ने मामले में चार्जशीट भी दाखिल कर दिया।

इसके बाद पीड़िता का एक्जामिनेशन और क्रॉस एक्जामिनेशन होने के बाद मंगलवार हुई सुनवाई में कोर्ट ने आरोपी चिकित्सक की जमानत याचिका मंजूर कर दी। उनकी ओर से प्रसिद्ध अधिवक्ता शेखर चंद्र कुंडू, अभिजीत घटक आदि ने पैरवी की। गिरफ्तारी के बाद पीड़िता के वकील मीता मजूमदार ने दावा किया था कि आरोपी ने इलाज के दौरान बच्ची के साथ आपत्तिजनक आचरण किया। पीड़िता ने परिजनों को बात बताई। जिसके बाद परिजनों ने शिकायत कराई। इसके बाद आसनसोल महिला थाना ने आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार किया था।













