योग सिर्फ एक शारीरिक स्वस्थ रहने की प्रक्रिया नहीं बल्कि जीवन शैली को बदलने का एक जरिया है – अरविंद मिहारिया
आसनसोल । पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन आसनसोल शिल्पांचल शाखा एवं मारवाड़ी युवा मंच आसनसोल सिटी शाखा के संयुक्त तत्वावधान में विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में सृष्टिनगर स्थित बरसाना निवास में योग विश्व दिवस मनाया गया। मौके पर योग शिक्षक के रूप में अरविंद मिहारिया ने उपस्थित लोगों को योग करवाया। उन्होंने कहा कि योग सिर्फ एक शारीरिक स्वस्थ रहने की प्रक्रिया नहीं है। यह विभिन्न प्रकार से जीवन शैली को बदलने का एक जरिया है।
उन्होंने कहा कि बड़े बड़े रोग योग करने से दूर हो जाते हैं। मौके पर उन्होंने कपाल भारती, भामरिक सहित बहुत सारे योग करवाकर लोगों को जागरूक किया। उपस्थित लोगों ने इस अवसर पर योग करके अपने आप को बहुत अच्छा महसूस किया। वहीं पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन आसनसोल शिल्पांचल शाखा एवं मारवाड़ी युवा मंच आसनसोल सिटी शाखा की ओर से योग शिक्षक अरविंद मिहारिया को विश्वनाथ डोकानिया के द्वारा उत्तरीय ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।




















