आईएसपी में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को आउटसोर्सिंग कार्य में प्राथमिकता देने सहित ठेका कर्मियों को सुविधा देने की मांग
बर्नपुर(भरत पासवान)। भारतीय किसान यूनियन (चारूनी) के राज्य सचिव सह पश्चिम बंगाल तथा सिख अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि सुरेन्द्र सिंह अत्तू ने आईएसपी बर्नपुर में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को काम में प्राथमिकता देने, आउटसोर्सिंग कर्मियों की लंबे समय से चल रही शिकायतों एवं समस्याओं का समाधान करने की मांग पर आईएसपी के निदेशक प्रभारी के माध्यम से केंद्रीय इस्पात मंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने केंद्रीय इस्पात मंत्री को पत्र में लिखा है कि आईएसपी, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की एक महत्वपूर्ण इकाई है। हम आईएसपी के आधुनिकीकरण और विकास के प्रयासों का पूरा समर्थन करते हैं, लेकिन यह भी सुनिश्चित करना आवश्यक है कि स्थानीय रोजगार, उचित श्रम नीति, और श्रमिक कल्याण की अनदेखी न हो। इस संदर्भ में उन्होंने 10 सूत्री मांगों पर त्वरित पहल करने की मांग की है।जिसमें स्थानीय युवाओं की प्राथमिक भर्ती पर जोर देना, विशेषकर आईएसपी से 10 किमी के दायरे में रहने वालेआसनसोल दक्षिण विधानसभा, ग्राम पंचायत क्षेत्र, कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से श्चिम बर्धमान, बांकुड़ा और झारखंड के आस-पास के क्षेत्रों से इसे सभी भर्ती अनुबंधों में एक अनिवार्य शर्त के रूप में शामिल किया जाए और सख्ती से लागू करने, समान वेतन एवं रोजगार लाभ,सभी आउटसोर्सिंग निविदाओं में स्थानीय लोगों के लिए निश्चित कोटा अनिवार्य करने, दीर्घकालिक श्रमिकों का नियमितीकरण करने, स्थानीय रोजगार निगरानी समिति का गठन करने, आस-पास के क्षेत्रों में सीएसआर और बुनियादी ढाँचा का विकास करने पर जोर देने, स्थानीय वंचित वर्गों के लिए आरक्षण लागू करने, स्थायी कौशल विकास केंद्र की स्थापना करने, पारदर्शी शिकायत निवारण तंत्र विकसित करने एवं आउटसोर्स श्रमिकों के परिवारों के चिकित्सीय एवं पारिवारिक सहायता प्रदान करने की मांग शामिल है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि वे इस्पात मंत्रालय से अनुरोध करते हैं कि इन मुद्दों पर शीघ्र, ठोस और समयबद्ध कार्रवाई करें,ताकि न्याय, गरिमा और समान अवसर के सिद्धांतों को बनाए रखा जा सके।
