रेलवन ऐप बना यात्रियों के लिए एकीकृत प्लेटफॉर्म 1 मार्च 2026 से ‘यूटीएस ऑन मोबाइल’ ऐप होगा बंद, अब रेलवन ही वन-स्टॉप समाधान
कोलकाता । भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में ‘रेलवन ऐप’ को एक समग्र, वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म के रूप में सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। इस ऐप के माध्यम से यात्री अनारक्षित यूटीएस टिकट बुकिंग, आरक्षित टिकट, भोजन ऑर्डर, रेल मदद के जरिए सहायता सहित कई सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर आसानी से ले सकते हैं।
रेलवन ऐप ने यात्रियों के सफर को सरल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है, क्योंकि अब विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप की जरूरत नहीं होगी। इसकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए भारतीय रेल ने धीरे-धीरे पुराने स्टैंडअलोन ऐप को बंद करने का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में 1 मार्च 2026 से ‘यूटीएस ऑन मोबाइल’ ऐप को बंद कर दिया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बदलाव की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की असुविधा न हो और सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहें।
‘रेलवन ऐप’ भारतीय रेल का प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म बनने जा रहा है, जो यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और सेवाओं को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अधिक जानकारी के लिए यात्रियों से अपील है कि वे रेलवन ऐप डाउनलोड करें और भारतीय रेल की आधुनिक डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाएं।












