पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट से 63 लाख नाम हटाए गए, कांग्रेस ने लगाया चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप
आसनसोल । पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के बाद 63 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। इसके अलावा 60 लाख लोगों के नाम अंडर एडजूडिगेशन हैं, जिनकी जांच विभिन्न अदालतों के जजों द्वारा की जा रही है। इस मुद्दे पर पश्चिम बंगाल के लोगों में भारी भ्रम है। सोमवार कांग्रेस की ओर से पश्चिम बर्दवान जिला अधिकारी कार्यालय में एक प्रदर्शन किया गया और जिला अधिकारी को एक ज्ञापन दिया गया, जिसमें मांग की गई कि जिन लोगों के नाम एडजूडिगेशन में हैं, उनका नाम अंतिम वोटर लिस्ट में शामिल किया जाए।
पश्चिम बर्दवान जिला कांग्रेस माइनोरिटी सेल के चेयरमैन मो. फिरोज खान ने कहा कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल के लोगों के मौलिक लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रहा है। कांग्रेस इसके खिलाफ संघर्ष कर रही है।
कांग्रेस पार्षद एसएम मुस्तफा ने कहा कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग यह घृणित काम कर रहा है, जिससे पश्चिम बंगाल के लोगों के मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले से ही इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल के लोगों के इस परेशानी के लिए भाजपा के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने पहले कहा था कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर नहीं होने देंगे, लेकिन एसआईआर हुआ और इतने लोगों के नाम हट गए, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया।












