होली के दिन साउंड बॉक्स न देने पर व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या: कुल्टी में तनाव
कुल्टी । कुल्टी में होली के दिन साउंड बॉक्स न देने पर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भगवान ओझा के रूप में हुई है, जो साउंड बॉक्स किराये पर देते थे। उनकी पत्नी मीनू ओझा ने आरोप लगाया है कि गौतम, अभिलाष और अविनाश ने उनके पति पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
मीनू ओझा ने बताया कि तीनों उनके पति के पास साउंड बॉक्स किराये पर लेने आए थे, लेकिन उनके पति के सभी साउंड बॉक्स पहले से ही किराये पर दिए जा चुके थे, इसलिए उन्होंने साउंड बॉक्स देने में असमर्थता जताई। लेकिन आरोपियों ने उनकी बात नहीं मानी और उनके पति पर हमला कर दिया। उनकी मौत से पूरा परिवार संकट में पड़ गया है।
इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुल्टी थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।












