अंडाल में पर्यावरण पर खतरा: सिंहरान नदी में केमिकल छोड़ने का आरोप, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने किया निरीक्षण’
अंडाल, 3 जून 2026। अंडाल के मदनपुर ग्राम पंचायत में सिंहरान नदी में केमिकलयुक्त पानी छोड़ने का गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायत मिलने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष बलवंत पासवान मंगलवार शाम मौके पर पहुंचे और नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया।
‘निजी कंपनी पर नदी में पाइप से केमिकल बहाने का आरोप’
स्थानीय लोगों का आरोप है कि टॉप लाइन और खास काजोड़ा के बीच बहने वाली सिंहरान नदी में एक बड़ी निजी कंपनी पाइप के जरिए फैक्ट्री का केमिकलयुक्त पानी छोड़ रही है। साथ ही नदी के किनारे भराई कर अतिक्रमण भी किया जा रहा है, जिससे नदी की चौड़ाई लगातार घट रही है।
‘हजारों लोगों और पशुओं की जान को खतरा’
बलवंत पासवान ने कहा, _”सिंहरान नदी का पानी हजारों लोग नहाने और सैकड़ों पशु पीने के लिए इस्तेमाल करते हैं। अगर केमिकल छोड़ा जा रहा है तो लोगों के स्वास्थ्य, पशुओं और पर्यावरण को गंभीर नुकसान होगा।”
‘प्रशासन से कार्रवाई की मांग, चेतावनी भी दी’
मंडल अध्यक्ष ने बताया कि शिकायत की सच्चाई जानने के लिए वे खुद निरीक्षण करने आए हैं। निरीक्षण के बाद मामले की रिपोर्ट प्रशासन को देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी, “अगर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियां नहीं रुकीं तो इसके खिलाफ बड़े स्तर पर आवाज उठाई जाएगी*।”















