Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल को बनाएंगे बंगाल का सबसे साफ शहर: मंत्री अग्निमित्रा पाल ने लॉन्च किया ‘Clean & Green Asansol’ मिशन, हर 100 मीटर पर लगेगा डस्टबिन

आसनसोल, 4 जून 2026। शहर को स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ बनाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को पौर एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल में ‘Clean Asansol and Green Asansol’ परियोजना की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के विजन पर काम’
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वच्छ और हरित पश्चिम बंगाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी लक्ष्य के तहत ‘Clean Asansol and Green Asansol’ प्रोजेक्ट शुरू किया गया है।

हर 100 मीटर पर डस्टबिन, बाजार-स्टेशन पर खास फोकस’
पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने बताया कि शहर के व्यस्त इलाकों में हर 100 मीटर पर डस्टबिन लगाए जाएंगे। बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, स्कूल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में डस्टबिन लगेंगे ताकि लोग कचरा इधर-उधर न फेंककर तय जगह पर डाल सकें।

‘सफाईकर्मियों की सैलरी बढ़ेगी, शाम को भी होगी सफाई’
मंत्री ने माना कि सफाईकर्मियों की तनख्वाह अभी कम है। इसलिए उनका काम का दायरा बढ़ाकर शाम के वक्त बाजार, स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में झाड़ू लगाने की योजना है। इस एक्स्ट्रा काम के लिए उन्हें ज्यादा मेहनताना देने पर सरकार सकारात्मक तरीके से विचार कर रही है।

जूता-ड्रेस-ग्लव्स देंगे, मैनहोल में नहीं उतरेंगे सफाईकर्मी’
अग्निमित्रा पाल ने सफाईकर्मियों की सुरक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई कर्मियों के पास जूते, यूनिफॉर्म और सेफ्टी किट नहीं हैं। जल्द ही सभी को जूते, ड्रेस, ग्लव्स समेत जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए जाएंगे।

साथ ही मैनहोल और नालों की सफाई के लिए आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल होगा ताकि किसी भी कर्मी को जान जोखिम में डालकर मैनहोल में न उतरना पड़े।

‘साफ शहर सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं’
मंत्री ने कहा, “स्वच्छ शहर बनाना सिर्फ प्रशासन का काम नहीं है। आम लोगों को भी आगे आना होगा। सब मिलकर शहर को साफ और हरा-भरा रखें।”

‘Clean Asansol and Green Asansol’ प्रोजेक्ट से शहर के कचरा प्रबंधन, सफाई और पर्यावरण संरक्षण में नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे आसनसोल राज्य के सबसे साफ शहरों में शुमार हो जाएगा।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *