जब तक मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा न हो, अन्न-जल नहीं लूंगा: प्रण पूरा होने पर श्री संजय शास्त्री के मुखारविंद से आसनसोल में गूंजी श्रीमद् भागवत कथा
आसनसोल, 5 जून 2026। राहा लेन स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट द्वारा सप्ताह व्यापी श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। वाराणसी से पधारे प्रखर वक्ता श्री संजय शास्त्री जी के मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक कथा का रसपान होगा। यह आयोजन 5 जून से 11 जून तक चलेगा।
मंदिर निर्माण से जुड़ा है भावुक संकल्प
श्री संजय शास्त्री जी का आसनसोल के श्री श्याम मंदिर से दशकों पुराना नाता है। मंदिर के निर्माण में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने प्रण लिया था कि “जब तक आसनसोल में श्री श्याम मंदिर की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा नहीं हो जाती, तब तक वे यहाँ का अन्न-जल ग्रहण नहीं करेंगे”। अपने इस प्रण पर वे अटल रहे।
अब जब भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हो चुकी है, तो उसके उपरांत पहली बार श्री शास्त्री जी कथा वाचन के लिए आसनसोल आए हैं।
श्रद्धालुओं से आग्रह
श्री श्याम सेवा ट्रस्ट ने आसनसोल के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे 5 से 11 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे राहा लेन स्थित श्री श्याम मंदिर पहुँचकर श्री संजय शास्त्री जी के श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करें।















