आसनसोल नगर निगम में विपक्ष की नेता चैताली तिवारी को मिला अलग चैंबर, बोलीं- ‘जनसमस्याएं सुनने में होगी सुविधा’
आसनसोल, 8 जून। आसनसोल नगर निगम में विपक्ष की नेता चैताली तिवारी को अब अपना अलग कार्यालय कक्ष मिल गया है। लंबे समय से उठ रही इस मांग के पूरा होने के बाद इसे निगम की प्रशासनिक व्यवस्था में एक अहम कदम माना जा रहा है।
जिम्मेदारी निभाने के लिए कक्ष जरूरी था’: चैताली तिवारी
चैंबर मिलने पर चैताली तिवारी ने कहा, “विपक्ष के नेता के तौर पर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए अलग कक्ष की आवश्यकता काफी समय से महसूस की जा रही थी। अब चैंबर मिलने से आम लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए काम करने में सुविधा होगी।” उन्होंने इस अवसर पर सभी संबंधित लोगों का आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा, “जनप्रतिनिधि के रूप में जनता से सीधे संवाद और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए एक अलग कार्यालय की जरूरत थी। अब यह सुविधा मिलने से जनसंपर्क और जनहित से जुड़े कार्यों को और बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।”
‘निगम सभी जनप्रतिनिधियों को सुविधा देने को प्रतिबद्ध’: मेयर विधान उपाध्याय
इस मामले पर आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय ने कहा, “विपक्ष की नेता को उनका कक्ष मिल गया है। नगर निगम सभी जनप्रतिनिधियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी को भी कामकाज में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।”
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
नगर निगम में विपक्ष की नेता को अलग कक्ष मिलने को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। लंबे समय से लंबित इस मांग के पूरा होने के बाद इसे प्रशासनिक पारदर्शिता और विपक्ष की भूमिका को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।















