Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

शादी का कार्ड बांटने निकले थे बाप-बेटे, डिबुडीह ब्रिज पर मौत ने रोका रास्ता: अवैध कोयले से लदे ऑटो की टक्कर में पिता की मौत, बेटा गंभीर

मैथन, 8 जून। शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले बाप-बेटे के जीवन में मातम छा गया। डिबुडीह ब्रिज पर हुए भीषण सड़क हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

गलत दिशा से आ रहे अवैध कोयला लदे ऑटो ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बर्दवान जिले के पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के मादरबनी निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र बिन अपने बेटे के साथ बाइक से धनबाद शादी का कार्ड देने जा रहे थे। इसी दौरान मैथन ओपी क्षेत्र के डिबुडीह ब्रिज पर झारखंड की ओर से आ रहे एक ऑटो ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि ऑटो गलत दिशा से तेज रफ्तार में पश्चिम बंगाल की ओर आ रहा था और उसमें अवैध कच्चा कोयला लदा हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेंद्र बिन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनका बेटा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा।

ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद ऑटो चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर मैथन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।

चेकपोस्ट पर वसूली के डर से गलत रास्ता’: समाजसेवी का आरोप
घटना के बाद समाजसेवी रंजीत महतो ने डिबुडीह चेकपोस्ट की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि झारखंड से पश्चिम बंगाल में आने वाले ऑटो और बाइक चालकों से चेकपोस्ट पर अक्सर अवैध रूप से पैसे वसूले जाते हैं। इसी वजह से कई चालक चेकपोस्ट से बचने के लिए गलत दिशा में गाड़ी चलाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह प्रवृत्ति नहीं रुकी तो भविष्य में और भी जानलेवा हादसे हो सकते हैं।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *