दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आसनसोल के महावीर मंदिर में टेका माथा’: बजरंगबली से मांगा बंगाल के लिए आशीर्वाद, भगवा गमछे में किया दर्शन
आसनसोल । चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आसनसोल के जीटी रोड स्थित बड़ा पोस्ट ऑफिस के पास स्थित प्रसिद्ध महावीर स्थान मंदिर में पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन की। हाथ जोड़कर पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने बंगाल के सुख, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
सीआरपीएफ सुरक्षा के बीच मंदिर में प्रवेश
सीएम रेखा गुप्ता भगवा गमछा पहने, माथे पर टीका लगाए मंदिर में हाथ जोड़ कर प्रार्थना की। उनके साथ भाजपा की आशा शर्मा, शिव प्रसाद वर्मन स्थित स्थानीय नेता मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवान भी तैनात थे।
मंदिर परिसर में मौजूद भाजपा नेताओं ने भी माथे पर तिलक लगाया।
आस्था और परिवर्तन की भूमि
दर्शन के बाद जारी संदेश में कहा गया, “आस्था, ऊर्जा और परिवर्तन की यह भूमि आज चुनावी उत्साह से भरी हुई है। जनजन का विश्वास बता रहा है कि आसनसोल सहित पूरा बंगाल विकास, सुरक्षा और सुशासन के पक्ष में खड़ा है।”
महिला वोटरों पर फोकस
रेखा गुप्ता का आसनसोल दौरा भाजपा की महिला-फोकस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इससे पहले वह अग्निमित्रा पॉल के समर्थन में रोड शो भी कर चुकी हैं। 23 अप्रैल को आसनसोल दक्षिण समेत पश्चिम बर्दवान की 9 सीटों पर पहले चरण में मतदान है।
भाजपा ने प्रचार के अंतिम दिन अमित शाह को कुल्टी और रेखा गुप्ता को आसनसोल में उतारकर शिल्पांचल की सभी सीटों पर ताकत झोंक दी है। पार्टी का नारा है- “पद्मफूले वोट दिये बांग्लाय उन्नयन, निरापत्ता ओ सुशासनेर नतुन अध्याय शुरू करि।”












