देवदीप चटर्जी हत्याकांड पर सियासत गरमाई: राहुल गांधी बोले- “बंगाल में गुंडा राज”, टीएमसी ने कहा- “कांग्रेस कर रही गंदी राजनीति”, पुलिस ने बताया आपसी विवाद’
Oplus_0
आसनसोल । अनन्या हाउजिंग कॉम्प्लेक्स निवासी देवदीप चटर्जी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर बंगाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए तो टीएमसी ने पलटवार किया। वहीं पुलिस ने इसे राजनीतिक हत्या मानने से इनकार किया है।
राहुल गांधी का हमला: “बंगाल में लोकतंत्र नहीं, गुंडा राज”
राहुल गांधी ने ट्वीट कर आरोप लगाया, “पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र नहीं, बल्कि तृणमूल कांग्रेस का गुंडा राज चल रहा है। चुनाव के बाद विरोधी आवाजों को डराना, मारना और मिटाना टीएमसी का चरित्र बन चुका है।”


टीएमसी का पलटवार: “राजनीतिक हत्या नहीं, कांग्रेस की गंदी राजनीति”
टीएमसी के प्रदेश सचिव वी शिवदासन दासू ने हत्या पर दुख जताया लेकिन राहुल के आरोपों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा, “यह कोई राजनीतिक हत्या नहीं है। कांग्रेस गंदी राजनीति कर रही है। ये आपसी विवाद का मामला है। कानून अपना काम करेगा।”
पुलिस ने भी माना आपसी मतभेद
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी ध्रुव दास ने पत्रकार वार्ता में कहा, “यह घटना राजनीतिक नहीं, आपसी मतभेद का परिणाम है। पीट-पीटकर हत्या की गई है।”
सीसीटीवी के आधार पर 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 24 अप्रैल की रात अनन्या कॉम्प्लेक्स के बाहर हुई वारदात सीसीटीवी में कैद है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस प्रत्याशी प्रसेनजीत पोइतुंडी ने इसे चुनावी रंजिश बताया था। अब राहुल गांधी के बयान के बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर गरमा गया है।












