“टीएमसी की गुंडा बाहिनी के हाथों देवदीप चटर्जी की हत्या, राहुल गांधी ने की निंदा”—अधीर रंजन चौधरी का आरोप
आसनसोल । आसनसोल में चुनाव बाद हिंसा में कांग्रेस समर्थक देवदीप चटर्जी की मौत के बाद कांग्रेस ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला है। सोमवार कांग्रेस के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता अधीर रंजन चौधरी आसनसोल पहुंचे। मृतक के घर गए। परिवार से मिले। उसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने खुद इस घटना की निंदा की है और दोषियों को सजा दिलाने तक लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।
“एक साधारण परिवार का बेटा चला गया”
अधीर रंजन चौधरी ने कहा—“देवदीप एक साधारण लड़का था। परिवार में इकलौता बेटा। आज तृणमूल के नृशंस हमले में वो चला गया। पूरा परिवार हाहाकार कर रहा है। पिता बीमार हैं, पत्नी कमाती नहीं, क्लास 4-5 में पढ़ने वाला बच्चा है।”
“राहुल गांधी ने की निंदा”
“हमारे सर्वोच्च नेता, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने खुद इस घटना की निंदा की है। उन्होंने साफ कहा कि टीएमसी की गुंडा बाहिनी के हाथों देवदीप चटर्जी की हत्या हुई है। हम इसका विरोध करते हैं, निंदा करते हैं।”
“न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे”
अधीर रंजन चौधरी ने कहा—“हत्यारों को सजा दिलाने के लिए हम जितना दूर जाना पड़े जाएंगे। जिला कोर्ट से हाई कोर्ट, हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे। कानूनी लड़ाई के साथ-साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन भी करेंगे।”
मेडिकल ऑफिसर पर दबाव का आरोप:
“स्थानीय टीएमसी नेता, जो मंत्री पद पर हैं, मेडिकल ऑफिसरों पर दबाव बना रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को हल्का करने की कोशिश हो रही है ताकि अपराधियों को सजा न मिले या कम सजा मिले।”
“बंगाल में आतंक का माहौल”
“चुनाव से पहले और बाद में बंगाल में आतंक जारी है। टीएमसी जितना देख रही है कि जनता उन्हें नकार रही है, उतनी ज्यादा हिंसक हो रही है। पूरा बंगाल आज भाषा खो बैठा है। लोग बदलाव चाहते हैं।”
परिवार के साथ खड़े होने का वादा: कांग्रेस ने कहा कि देवदीप के सहारा-विहीन परिवार के साथ पूरा आसनसोल खड़ा रहेगा। पार्टी अपनी पूरी ताकत से इस सरकार का विरोध करेगी।
टीएमसी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
“जब तक टीएमसी की राज रहेगी, बंगाल में बम-पिस्तौल-भ्रष्टाचार ही मिलेगा”
बंगाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि जब तक राज्य में टीएमसी का राज रहेगा, तब तक यहाँ बम, पिस्तौल, गोली, चोरी और भ्रष्टाचारियों के ही दर्शन होंगे।
“यही बंगाल की पहचान बना दी गई है”
उन्होंने कहा—“यही तो बंगाल की पहचान है। टीएमसी की खुद की कोई पहचान नहीं है। इसके अलावा यहाँ और कुछ मिलने वाला नहीं है।”
“भय का माहौल बनाकर चुनाव जीतना चाहते हैं”
आरोप लगाया कि टीएमसी डरे हुए हैं। “वो सोच रहे हैं कि दूसरे चरण के चुनाव में उनकी हार निश्चित है। इसलिए भयभीत का माहौल पैदा करना चाहते हैं। चाहते हैं कि लोग चुनाव में हिस्सा न लें और वो चुनाव जीत जाएं। बस यही रणनीति है।” अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि बंगाल में शांति और विकास तभी आएगा जब इस “भय और भ्रष्टाचार की राजनीति” को खत्म किया जाएगा।
पत्रकार सम्मेलन में प्रसेनजीत पोईटंडी, शाह आलम, एस एम मुस्तफा सहित अन्य उपस्थित थे।












