27 जुलाई को ‘गो सम्मान आवाहन’: आसनसोल श्याम मंदिर में तैयारी बैठक, मुस्कान दीदी बोलीं – गौमाता की रक्षा सबकी जिम्मेदारी
आसनसोल, 30 जून 2026। श्री श्याम मंदिर राहा लेन, आसनसोल में 27 जुलाई को होने वाले ‘गो सम्मान आवाहन अभियान’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
“गौमाता की रक्षा सबकी जिम्मेदारी”: मुस्कान दीदी
बैठक में विशेष अतिथि के रूप में पधारीं मुस्कान दीदी ने सभी को संबोधित किया। उन्होंने कहा, _”गौमाता की रक्षा और सम्मान करना किसी एक व्यक्ति या संस्था का काम नहीं है। यह हम सबका कर्तव्य है। हमें मिलकर गौमाता को सुरक्षा और सम्मान दिलाना होगा।”_
उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को पूरे देशभर में एक साथ हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत हर जिले के जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौमाता को ‘राष्ट्रीय माता’ का दर्जा देने की विनम्र मांग की जाएगी।
घर-घर पहुंचेगा संदेश:
मुस्कान दीदी ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यवसायियों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों, कामकाजी लोगों, मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों तक पहुंचा जाएगा। सभी को गौमाता के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा और हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पूरे भारत के संत समाज ने इस अभियान का जिम्मा उठाया है और हम सबको उनके साथ खड़े होकर इसे सफल बनाना है।
बैठक में मुख्य फोकस 27 जुलाई के लिए हस्ताक्षर संग्रह अभियान की रणनीति बनाने पर रहा।
मुस्कान दीदी का सम्मान:
कार्यक्रम के अंत में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट, आसनसोल श्याम मंदिर की ओर से मुस्कान दीदी को श्यामपट्ट और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने गौमाता के सम्मान के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।














